इटारसी। जिले में अमानक और नकली खाद एवं उर्वरक के विक्रय और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशों के बाद कृषि विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कृषि विभाग की टीम ने इटारसी स्थित एक निजी उर्वरक एवं खाद वितरण केंद्र चौरे ब्रदर्स के संचालक मनोज चौरे के खिलाफ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
यह है मामला
मनोज चौरे पर अमानक और नकली उर्वरक का भंडारण करने और उसे किसानों को बेचने का आरोप है। यह गंभीर अनियमितता पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की गई। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कृषि विभाग ने चौरे ब्रदर्स के संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना इटारसी में मामला दर्ज कराया है।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिले में किसानों को किसी भी हाल में घटिया या नकली कृषि उत्पाद न बेचा जाए। इस एफआईआर को कृषि विभाग द्वारा इस दिशा में की गई एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।








