- सही और सटीक मतदाता सूची, मजबूत लोकतंत्र की गारंटी: कमिश्नर-कलेक्टर के निर्देशन में SIR जागरूकता कार्यक्रम
इटारसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, एक मजबूत लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिविजन के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य जोरों पर है। नर्मदापुरम कमिश्नर केजी तिवारी तथा कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन में इस संबंध में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसकी जिम्मेदारी स्वीप आइकॉन सारिका घारू संभाल रही हैं।
बीएलओ आपके घर, भरें गणना प्रपत्र
जागरूकता गतिविधियों का संचालन कर रहीं सारिका घारू ने बताया कि स्ढ्ढक्र के तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा, नाम जुड़वाएं, त्रुटि सुधरवाएं, लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। सारिका ने प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें जो विवरण भरना आवश्यक है, उनमें जन्म तिथि, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पिता/माता का नाम, वैवाहिक स्थिति में पति/पत्नी का नाम (यदि उपलब्ध हो तो उनका EPIC नंबर भी) वर्तमान की रंगीन फोटो चिपकाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रपत्र पर मतदाता या परिवार के किसी वयस्क पारिवारिक सदस्य के हस्ताक्षर या बाएं अंगूठे का निशान, दिनांक सहित, अनिवार्य है।
ऑनलाइन सुविधा और अंतिम तिथि
मतदाताओं को सुविधा प्रदान करते हुए, 4 दिसंबर से पूर्व गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरने की सुविधा भी दी गई है। पात्र मतदाता वोटर सर्विसेज पोर्टल पर दी गई लिंक के माध्यम से अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। सारिका घारू ने जोर देते हुए कहा, ‘आपकी उंगली में आपकी सरकार बनाने की ताकत है।’ उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि इस ताकत को पाने और शुद्ध एवं सटीक मतदाता सूची बनाने के लिए सभी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, क्योंकि ‘एक भी वोट न छूटे, सही सूची से कोई न रूठे।’








