इटारसी। शहर के व्यस्ततम इलाके सूरजगंज चौराहे के पास आज शाम एक युवक ने दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने जेब से ब्लेड निकालकर दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे लहूलुहान हो गए। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और नशे में की गई गाली-गलौज का विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मालवीय गंज निवासी मुकेश चौधरी और उनके भाई अवधेश चौधरी के घर के सामने से कल आरोपी राहुल गोस्वामी निवासी सोना सांवरी नाका नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए निकल रहा था। उस वक्त मुकेश के भाई ने राहुल को टोकते हुए गाली देने से मना किया था। इसी बात को लेकर राहुल गुस्से में था। आज राहुल फिर से उनके घर के पास पहुँचा और विवाद करने लगा। घरवालों ने तुरंत इसकी सूचना मुकेश को दी, जो उस समय सूरजगंज चौराहे पर था।
मुकेश ने मामले को शांत करने और बात करने के लिए राहुल को सूरजगंज चौराहे पर बुलाया। जैसे ही दोनों पक्ष सामने इकट्ठा हुए, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपी राहुल गोस्वामी ने अचानक अपनी जेब से ब्लेड निकाली और मुकेश व अवधेश पर हमला करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले में दोनों भाई घायल हो गए। अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।








