इटारसी। शहर के हृदय स्थल रेलवे स्टेशन रोड स्थित पुराने बस स्टैंड पर एक बार फिर बसों का आवागमन शुरू हो गया है। प्रशासन द्वारा बसों के ठहराव की अनुमति मिलने के बाद आज से यहां श्री गणेश हुआ, जिससे स्थानीय व्यापारियों, स्कूली छात्रों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
कांग्रेस की मांग और प्रशासन का निर्णय
लंबे समय से मांग चल रही थी। प्रशासन की तरफ से 5 मिनट की ही अनुमति है, जो मीटिंग में तय हुआ था। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय और पूरे कांग्रेस परिवार की ओर से 10 मिनट की मांग की गई है। सुबह कांग्रेस प्रवक्ता ने 10 मिनट स्टॉपेज मिलने की विज्ञप्ति जारी की है, जबकि प्रशासन का साफ़ कहना है कि मांग करने का अधिकार सबको है, लेकिन अभी तक 5 मिनट की ही अनुमति यथावत है। कांग्रेस की ओर से तो अति उत्साह में 10 मिनट का निर्णय बताकर, निर्णय का स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त कर दिया है। श्री पांडेय ने बताया कि एसडीएम नीलेश शर्मा से चर्चा के बाद, वर्तमान में उन 12 बस मालिकों को अनुमति दी गई है जिन्होंने लिखित आवेदन दिए थे। आने वाले समय में अन्य बसों को भी यहां रुकने की अनुमति मिलने की संभावना है।
पिक एंड ड्रॉप से बेहतर समाधान
इससे पूर्व प्रशासन ने केवल 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप समय निर्धारित किया था, जिसमें बस मालिक रुचि नहीं दिखा रहे थे। लेकिन आज सुबह बसें पुराने बस स्टैंड पर पहुंची थी।
चुनौतियां और वर्तमान स्थिति
आज पहले दिन बसों के आने पर कुछ व्यावहारिक दिक्कतें भी देखने को मिलीं। सुबह के समय यात्रियों को जानकारी न होने के कारण बस स्टैंड पर सवारियां कम रहीं। अधिकांश यात्री पहले की तरह ओवरब्रिज पर ही बसों का इंतजार करते नजर आए, जिससे बस स्टैंड पर बसों को सवारियां जुटाने में परेशानी हुई।
जनता ने जताया आभार
पुराने बस स्टैंड पर बसों की वापसी से बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है। आम जनता ने इस मुहिम में सहयोग करने वाले सभी राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों* सहित जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है।










