इटारसी/सिवनी मालवा। मूंग फसल के लिए पानी मांगने विधायक प्रेमशंकर वर्मा (MLA Prem Shankar Verma) के ग्राम बघवाड़ा पहुंचकर चक्काजाम करने वाले किसानों पर पुलिस ने आपदा प्रबंधन का मामला दर्ज किया है। बता दें कि नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परेशान किसानों विधायक के गांव में चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान पहुंचे थे और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का उल्लंघन किया। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों का कहना है कि पानी नहीं मिलने से मूंग की फसल बर्बाद हो रही है। चक्काजाम से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी।
किसानों ने विधायक प्रेमशंकर वर्मा के निवास के सामने ही दतवासा तिराहा पर चक्काजाम किया था। किसानों का कहना है कि पूर्व में अधिकारियों और विधायक प्रेमशंकर वर्मा को नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिलने की समस्या बताई थी। समस्या का निराकरण नहीं होने पर आज किसानों ने उनके निवास के सामने चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी नहीं रखा। डोलरिया पुलिस ने किसान ब्रजेश गौर, नवल गौर निवासी दतवासा, मोनू पंडोवंशी, आदर्श निवासी कोटलाखेड़ी, अमित लौवंशी, ध्रुव रघुवंशी, कमल सिंह लौवंशी निवासी बघवाड़ा सहित अन्य के खिलाफ धारा 341, 148, 188, 269, 270 भादवि और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 का प्रकरण दर्ज किया है।
पानी मांग रहे किसानों पर आपदा प्रबंधन का मामला दर्ज

For Feedback - info[@]narmadanchal.com









