इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्या मंदिर स्कूल के बच्चों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ मां लक्ष्मी के त्योहार दीपावली की तैयारियों में हिस्सा लिया। बच्चों ने भगवान राम के आगमन और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस ‘दीपोत्सवÓ को खास बनाने के लिए अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम संयोजक मनीषा गिरोटिया ने बताया कि इस उल्लासपूर्ण तैयारी में बच्चों ने व्यर्थ पॉलीथीन, कपड़े की कतरन, पुराने कागज और अन्य अनुपयोगी सामग्री का उपयोग करके खूबसूरत सजावटी सामान बनाए। बच्चों ने मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए आकर्षक वंदनवार (टोरन), वॉल हैंगिंग और कागज पर रंगोली बनाकर रचनात्मकता के नए उदाहरण प्रस्तुत किए।
प्राचार्य ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं, बल्कि उन्हें रीसाइक्लिंग और रचनात्मकता के महत्व को भी समझाती हैं।








