इटारसी। चौपाल सागर महोत्सव में शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छात्राओं ने हरियाणवी और आदिवासी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
महोत्सव के मंच पर महाविद्यालय की छात्राओं कुमारी काशीफा खान, उर्वशी तिवारी, सलोनी तिवारी, नित्या नामदेव, परी राय, राजेश्वरी दुबे और अंजली मास्कोले ने लोक संस्कृति के विभिन्न रंगों को बिखेरा। छात्राओं ने न केवल पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य पेश किया, बल्कि गायन और हरियाणवी नृत्य के जरिए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उनकी ऊर्जा और कलात्मक प्रदर्शन को निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ माना। विजेता छात्राओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
पुरस्कार वितरण पवन धाड़से, राजेंद्र पटेल, डॉ. देवेन्द्र दुबे और यशवंत कुमार राजपूत ने किया। अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी कला की सराहना की। छात्राओं की इस बड़ी उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। इस पूरी गौरवशाली उपलब्धि के दौरान टीम मैनेजर के रूप में ज्योति दीवान ने सक्रिय भूमिका निभाई और छात्राओं का मार्गदर्शन किया।









