इटारसी। नर्मदांचल चौरिया कुर्मी समाज सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण और विराट बैठक गुरुवार, 5 फरवरी को ग्राम घुघवासा में संपन्न हुई। सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण पटेल के निवास पर आयोजित इस बैठक में समाज की एकता, उत्थान और आगामी मांगलिक कार्यक्रमों को लेकर दूरगामी निर्णय लिए गए।
वरिष्ठ समाजसेवी हंस कुमार पटेल की अध्यक्षता एवं पुरुषोत्तम पटेल के नेतृत्व में हुई इस बैठक में समिति के अध्यक्ष शंभू दयाल पटेल ने 20 अप्रैल 2026 को समाज का आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में 51 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा है, जिसे उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं ने सर्वसम्मति से पारित किया।
अध्यक्ष शंभू दयाल पटेल ने वर्तमान महंगाई के दौर को देखते हुए सामाजिक परिवारों से उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग की अपील की, ताकि आयोजन को भव्य और सफल बनाया जा सके। बैठक में कुशल पटेल, मोहन झलिया, किशन दास चौरे, राममोहन मलैया, कालीचरण, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष चौरे, कोषाध्यक्ष हरीकिशोर पटेल, युवा अध्यक्ष रंजीत पटेल, डॉ. रामकृष्ण चौरे और सरपंच बालेंद्र पटेल सहित कई वरिष्ठ जनों ने अपने विचार साझा किए।
विवाह सम्मेलन के साथ-साथ समाज में शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। समाज के भीतर परिवारों के आपसी विवादों को सुलझाने के लिए एक विशेष कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि सामाजिक सौहाद्र्र बना रहे और छोटे-मोटे विवाद आपसी समझाइश से हल हो सकें। बैठक का संचालन जयप्रकाश पटेल ने, सरपंच नवल पटेल ने आभार व्यक्त किया।









