इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार, नवंबर माह की गतिविधियों के उपलक्ष्य में आज 12 नवंबर 2025 को उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला पुरानी इटारसी में बाल सुरक्षा एवं बाल अधिकारों पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग ललित डहेरिया एवं सहायक संचालक संजय जैन के मार्गदर्शन में हुआ। शुभारंभ पारंपरिक रूप से सरस्वती पूजा एवं कन्या पूजन के साथ किया गया।
आत्मरक्षा पर दिया जोर
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती आयुषी गुप्ता, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, बाल सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। वार्ड 06 के पार्षद जिम्मी कैथवास ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी दी और बेटियों के महत्व के साथ ही घटते लिंगानुपात जैसे गंभीर विषय पर चर्चा की।
पुलिस एवं कानून विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
सब इंस्पेक्टर श्रद्धा राजपूत ने बालिकाओं से अपने अधिकारों के साथ-साथ आत्मरक्षा के उपाय जानने की अपील की और कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। एडवोकेट एवं रोटरी क्लब अध्यक्ष दीपक जैन ने कानूनी दृष्टिकोण स्पष्ट करते हुए कहा, बाल अधिकारों का उल्लंघन गंभीर अपराध है। बाल संरक्षण एक सतत प्रक्रिया है जिसमें समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना चाहिए। प्रभारी प्राचार्य श्रीमती नीतू चौहान ने बाल सुरक्षा में शिक्षकों की भूमिका को सबसे अहम बताया। रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल और सचिव विवेक चांडक ने ऐसे कार्यक्रमों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला बताया।
प्रतिभाशाली बालिकाओं का सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली बालिकाओं कुमारी श्रुति चौधरी नेशनल हॉकी प्लेयर, कुमारी वैष्णवी चौरे हॉकी प्लेयर, कुमारी राशि बिल्लोरे कक्षा 10 वीं में प्रथम, कुमारी मिताली चित्रहार कक्षा 12वीं में प्रथम, कुमारी कोसर हसन कक्षा 10 वीं को सम्मानित किया।
डॉटर्स क्लब सम्मान
एक या दो बालिकाओं वाले परिवारों को डॉटर्स क्लब के अंतर्गत सम्मानित किया, जिनमें राशिका चौरे, तान्या चौरे (शैलेन्द्र एवं सेवन्ति की पुत्रियां) और कृतिका प्रजापति, दर्शीका प्रजापति (प्रकाश एवं उमा की पुत्रियां) सहित अन्य परिवार शामिल थे।संचालन प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला ने किया, जिन्होंने विभाग का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना बताया। कार्यक्रम में विभाग की समस्त पर्यवेक्षक टीम श्रीमती अर्चना बस्तवार, श्रीमती रेखा चौरे, श्रीमती मीना गांठले और पोषण समन्वयक हिना खान उपस्थित रहीं।








