- जीनियस कला स्फेयर में मस्ती और जायके का संगम
इटारसी। शहर के जीनियस प्लानेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज जीनियस कला स्फेयर के आयोजन ने स्कूल परिसर को मस्ती, कला और लजीज व्यंजनों के उत्सव में बदल दिया। इस रंगारंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
शुभारंभ एवं अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों डॉ. पीएम पहाडिय़ा, डॉ. ऋचा पहाडिय़ा और राहुल चौरे भाजपा मंडल अध्यक्ष इटारसी ने किया। ज्ञान की देवी मां सरस्वती का पूजन एवं छात्राओं द्वारा सुमधुर सरस्वती वंदना के गायन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
विद्यालय के निर्देशक जाफर सिद्दीकी और प्राचार्य मनीता सिद्दीकी ने आमंत्रित अतिथियों तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों—ममता छिकारा, उमा शुक्ला, अर्चना शुक्ला, डॉ. एकता मालोनिया, डॉ. लीना बत्रा, श्रद्धा अग्रवाल और कुमुद बाजपेई का स्वागत स्टाफ द्वारा निर्मित पुष्प गुच्छ से किया। इसके बाद, संगीत शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल ने जीता दिल
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण खानपान के स्टॉल थे, जिन्हें अभिभावकों और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा लगाया था। इन स्टॉलों पर आलू बड़े, डोसा, चने दाल की टिक्की, खस्ता चाट, दाबेली, भेल, गोल गप्पे जैसे चटपटे व्यंजनों से लेकर मूंग का हलवा, खोये की मिठाई, गुलाब जामुन और कस्टर्ड तक, स्वादिष्ट व्यंजनों की लंबी श्रृंखला थी। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने इन लजीज व्यंजनों का भरपूर लुत्फ उठाया।
खेल स्टॉलों पर छूटा बचपन का जादू
विद्यालय के स्टाफ द्वारा लगाए गए खेल स्टॉलों ने इस आयोजन में सोने पर सुहाग का काम किया। रिंग गेम, मटकी फोड़, निशाने का सिकंदर, ग्लास ब्लास्ट, बॉल इन डस्टबिन, बेलेंसिंग कॉइन और कई माइंड गेम जैसे रोचक, चुनौतीपूर्ण और आलौकिक खेलों ने अभिभावकों को उनके बचपन की सुनहरी यादों में खो जाने का मौका दिया।
निर्णायक मंडल ने लिया स्टॉलों का निर्णय
- खानपान (अभिभावक) : ममता छिकारा, उमा शुक्ला, कुमुद बाजपेई
- खानपान (कक्षा 9-12 विद्यार्थी) : डॉ. लीना बत्रा और श्रद्धा अग्रवाल
- गेम्स (स्टाफ) : डॉ. एकता मालोनिया और अर्चना शुक्ला
पुरस्कार वितरण और सम्मान
सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह शानदार कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चला। संपूर्ण आयोजन के अंत में, मां नर्मदा एजुकेशन के डायरेक्टर दीपक अग्रवाल सहित अन्य अतिथि अनीता अग्रवाल, आरती जायसवाल, अंकिता चौबे आदि ने अभिभावकों द्वारा गेम्स में जीते गए पुरस्कार वितरित किए।
साथ ही, सत्र 2024-25 की परीक्षा में नर्सरी से बारहवीं तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन खुशी सिद्दीकी एवं राकेश दुबे ने किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।









