इटारसी। वर्धमान विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय खेल महाकुंभ के दूसरे दिन 26 जनवरी का आयोजन भी अत्यंत उत्साहपूर्ण और शानदार रहा जिसमें सर्वप्रथम झंडा वंदन किया गया। इसके पश्चात खेल महाकुंभ का प्रारंभ शानदार तरीके से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल रनबीर सलारिया, कर्नल झकारिया, ग्राम साकेत की सरपंच श्रीमती मृदुल लता घनश्याम पटेल, तथा भीलाखेड़ी के सरपंच अखिलेश सोलंकी ने उपस्थित रहे।
दूसरे दिन प्रतिभागियों और दर्शकों का उत्साह पहले दिन से भी अधिक देखने को मिला। बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बैलेंसिंग रेस, कार रेस, बैकवर्ड रेस, टेनिस बॉल रेस, ब्लॉक रेस और स्लो साइकिलिंग रेस जैसे रोमांचक खेल शामिल थे। अभिभावकों की भागीदारी ने आयोजन में विशेष ऊर्जा भरी, और उनकी खेल के प्रति उत्सुकता ने माहौल को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने योग, स्केटिंग, फ्लैश मूव, गणेश वंदना और पॉइंट डांस प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन गतिविधियों ने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल रणबीर सलारिया ने अपने संबोधन में विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की और अभिभावकों को खेलों के महत्व पर विचार साझा किए। अंत में, विद्यालय की जूनियर डायरेक्टर प्रशस्ति ने सभी उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।









