इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्धा मंदिर (एसवीएम) स्कूल में आज, 26 सितंबर को, नवदुर्गा महोत्सव के पावन अवसर पर एक मनमोहक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के नन्हें कलाकारों ने एक लघु नृत्य नाटिका के माध्यम से मां वैष्णवी की महिमा का शानदार गुणगान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों ने ज्ञान की देवी मां सरस्वती की वंदना से किया। इसके तुरंत बाद, कक्षा पहली से आठवीं के बच्चों ने अपने प्रभावी अभिनय और नृत्य से दर्शकों को साक्षात कटरा स्थित मां वैष्णवी की गुफा के दर्शन करा दिए। बच्चों ने अपनी जबरदस्त प्रस्तुति से मां की पूरी यात्रा को जीवंत कर दिया, जिसमें बाण गंगा, अर्धकुंवारी गुफा, सांझी छत और त्रिकुटा पर्वत पर स्थित मां वैष्णवी के दरबार तक का सफर शामिल था।
इस लघु नाटिका में मां की लाचारों पर दयालुता और दुष्ट भैरवनाथ तथा अन्य राक्षसों के वध का प्रभावी मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर, बच्चों ने मां दुर्गा के स्वागत और उनकी भक्ति को समर्पित गरबा नृत्य प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया। इस पूरे कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने में एसवीएम स्कूल की क्राफ्ट शिक्षिकाओं ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।









