नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, वृत्त नर्मदापुरम द्वारा राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह 14 से 21 दिसम्बर के उपलक्ष्य में एक भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुक्रवार को वृत्त कार्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से ऊर्जा बचाने का संदेश दिया ।
इन स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवारखेड़ा, सत्यम फाउंडेशन स्कूल रसूलिया और ओम साईं टेम्पल स्कूल फेफरताल के लगभग 55 बच्चों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के परिणाम और पुरस्कार
नन्हे कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स के जरिए बिजली बचाने और सौर ऊर्जा के महत्व को दर्शाया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह और नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार कुमारी राधिका इमने कक्षा 9वीं, शासकीय सांदीपनी विद्यालय पवारखेड़ा, द्वितीय पुरस्कार रितु कक्षा 7 वीं, शासकीय सांदीपनी विद्यालय पवारखेड़ा, तृतीय पुरस्कार अंशिका वकोरिया कक्षा 5वीं, सत्यम फाउंडेशन स्कूल रसूलिया को मिला।
महाप्रबंधक विनोद भदौरिया के निर्देशानुसार कार्यक्रम का सफल आयोजन उप महाप्रबंधक साइमन डाबी, सहायक प्रबंधक सुश्री जोयशी लाकरा और निज सचिव पुलिन शास्त्री के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान राजस्व अधिकारी पंकज पाण्डेय और सत्यम सिंह बघेलवाल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इनका कहना है…
ऊर्जा का संरक्षण करना और सोलर ऊर्जा व स्मार्ट मीटर को अपनाना भविष्य की नई पीढ़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है।
विनोद भदौरिया, महाप्रबंधक









