इटारसी। कांग्रेस पार्टी ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए न्यू यार्ड एवं मेहरागांव क्षेत्र के कार्यकर्ता शेख फारूक पर बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 137 की अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें एक वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शेख फारूक पर अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप थे। अनुशासन समिति द्वारा संपर्क करने और स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब या स्पष्टीकरण पेश नहीं किया गया। इसे पद की गरिमा और पार्टी अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए समिति ने उन्हें दोषी करार दिया।
अनुशासन समिति के अध्यक्ष रामनारायण गौर, सदस्य शेख रमजान और धर्मेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी संगठन के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी पार्टी की गाइडलाइन का उल्लंघन करेगा, उस पर इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









