इटारसी। वार्ड 17 की पार्षद श्रीमती मीना साहू के पति सुरेश साहू ने पुलिस थाने में एक तहरीर देकर मप्र मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों पर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि विरोध करने और आपत्ति जताने पर विभाग ने थाने में झूठी और भ्रामक सूचना देकर हमें बदनाम करने का प्रयास किया जिससे हमारी सामाजिक छवि को ठेस पहुंची है।
पार्षद पति ने अनेक कांग्रेसियों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी और कहा कि हमारे यहां के मीटर को स्लो बताने का प्रयास किया जा रहा है जबकि मीटर ठीक काम कर रहा है और वे नियमित बिल का भुगतान भी कर रहे हैं।
उन्होंने तहरीर में कहा कि निकट भविष्य में कंपनी कहीं उनको किसी प्रकरण में न उलझा दे। अत: इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित विद्युत विभाग कर्मियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।








