सिवनी मालवा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे जनता के घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 फरवरी 2026 को वार्ड 13 में भव्य शिविर का आयोजन किया, जहां नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
वार्ड के विकास और जनसेवा का संकल्प
स्थानीय शासकीय नवीन बालक प्राथमिक शाला में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही वार्ड पार्षद डॉ. किरण राठौर ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि, सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। इसीलिए नगर पालिका खुद चलकर आपके वार्ड और घर तक आई है। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य पीएम स्वनिधि, नवीन जल कनेक्शन, भवन निर्माण स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस और नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं को सरल बनाना है।
शिविर की प्रमुख उपलब्धियां
समाधान शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए गए और नागरिकों को जागरूक किया। संबल योजना में पात्र हितग्राहियों के 5 आवेदन प्राप्त हुए, पेंशन एवं बीमा में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन निधि योजना के 4 आवेदन, कर्मकार मंडल योजना के तहत 1 आवेदन दर्ज किया गया। सैकड़ों नागरिकों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्रता की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर की सफलता में नगर पालिका की प्रशासनिक टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि शिव राठौर, राजस्व उप निरीक्षक हेमंत चौकसे, सामुदायिक संघटक शीला धन्यासे, आरएसआई जितेंद्र गौर, शुभम साहू, विनय सोनी, अश्वनी राठौर, जितेंद्र राठौर, योगेश कौशल और जयंत महंत उपस्थित थे।









