इटारसी। शहर के सुप्रसिद्ध और आस्था के केंद श्री श्री बूढ़ी माता मंदिर में इन दिनों भक्ति और अध्यात्म की बयार बह रही है। मंदिर में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह से शाम तक विधि-विधान के साथ आहुतियां छोड़ी जा रही हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण मंगलमय हो गया है।
स्वर्ण जयंती के बाद 51वां वर्ष
मंदिर समिति के सचिव जगदीश मालवीय ने बताया कि इस वर्ष शतचंडी महायज्ञ का 51वां वर्ष है। पिछले पांच दशकों से अनवरत चली आ रही यह परंपरा इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित की जा रही है, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या में प्रतिदिन निरंतर वृद्धि हो रही है।
यज्ञ के साथ-साथ मंदिर परिसर के पीछे आकर्षक मेले का आयोजन भी किया गया है, जो बच्चों और दर्शनार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सचिव श्री मालवीय ने सभी धर्मप्रेमी जनता से महायज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है। साथ ही, उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु या दानदाता मंदिर की व्यवस्थाओं में सहयोग करना चाहते हैं, वे मंदिर कार्यालय में या सीधे मंदिर के पुजारी से संपर्क कर अपनी दान राशि या सामग्री भेंट कर सकते हैं।










