इटारसी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इटारसी में पृथ्वी दिवस पर गंगा जल संवर्धन तथा इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन छात्रों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं पृथ्वी के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया।
इस अवसर पर चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता, कविता पाठ एवं जागरूकता रैली जैसे रचनात्मक गतिविधियों में छात्रों ने उत्साह से भाग लिया। बच्चों ने पेड़-पौधों, नदियों, जलवायु एवं प्रकृति के संरक्षण को केंद्र में रखकर अपने विचारों को कला के माध्यम से प्रस्तुत किया। पीरामल फाउंडेशन के जिला समन्वयक शिवम कुमार ने विशेष सहभागिता निभाई।
उन्होंने छात्रों को पर्यावरणीय चेतना के महत्व को समझाते हुए बच्चों को मिशन लाइफ के तहत सतत जीवनशैली अपनाने प्रेरित किया। प्रधान पाठक महेश रैकवार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ दिलाई। प्राचार्य सतीश खलको ने पृथ्वी दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्यावरण का संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि एक सतत प्रक्रिया है। इस अवसर पर शिक्षक महेश मालवीय, विनीता दुबे, सविता चौरे, शशि शर्मा और स्टाफ उपस्थित थे।