इटारसी। पुलिस ने चोरी के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी, जिसे अब सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मामले के अनुसार, 11 दिसंबर 2021 को बालाजी मंदिर के पास रहने वाले फरियादी अनीस भाट की स्विफ्ट डिजायर कार (MP 04 CW 9332) चोरी हो गई थी। इटारसी पुलिस ने तत्काल धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस प्रकरण में पुलिस ने एक आरोपी कमल धाकड़ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था, लेकिन उसका साथी शैलेंद्र यादव उर्फ कल्लू तभी से फरार चल रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शैलेंद्र यादव उर्फ कल्लू 27 वर्ष, निवासी ग्राम बरही, जिला भिंड को 10 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, एसआई प्रवीण कुमार यादव, एएसआई जनकलाल पंवार, आरक्षक प्रेमनारायण, शैलेंद्र और सिवनी मालवा थाने के प्रआर अशोक चौहान की सराहनीय भूमिका रही।









