इटारसी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा पुरानी इटारसी में बैंक प्रबंधन द्वारा आज एक ‘ग्राहक मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। बैंक प्रबंधक संतोष पटेल की पहल पर आयोजित इस समारोह में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की और खाताधारकों का सम्मान किया।
इस अवसर पर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बैंक में आने वाले ग्राहकों के लिए चाय और नाश्ते की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। बैंक मैनेजर श्री पटेल एवं स्टाफ ने मिलकर करीब एक दर्जन से अधिक ग्राहकों का शॉल-श्रीफल और पुष्पहार से सम्मान किया।
बैंक प्रबंधन के अनुसार, ग्राहकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और उनकी सेवाओं को सराहने के उद्देश्य से यह ‘ग्राहक मिलन समारोह’ प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने ग्राहकों से बैंक की सेवाओं और योजनाओं पर भी चर्चा की।









