नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में रबी की फसलों की सिंचाई की तैयारी जोरों पर है। शुक्रवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में जिला जल उपयोगिता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें नहरों से जल प्रवाह शुरू करने की संभावित तिथियां प्रस्तावित की गईं।
ये तिथियां की गईं प्रस्तावित
बैठक में निर्णय लिया गया कि हरदा जिले हेतु बायीं तट मुख्य नहर से 01 नवंबर 2025 से, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा की नहरों के लिए 03 नवंबर 2025 से, तवा परियोजना संभाग इटारसी के लिए 04 नवंबर 2025 से तथा पीबीसी संभाग सोहागपुर नहर से 10 नवंबर 2025 से जल प्रवाह शुरू करने की तिथियां प्रस्तावित की गई हैं।
अंतिम निर्णय संभागीय समिति लेगी
कलेक्टर ने समिति सदस्यों को अवगत कराया कि नहरों से पानी छोडऩे की इन प्रस्तावित तिथियों पर अंतिम निर्णय नर्मदापुरम संभाग के संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक के उपरांत लिया जाएगा। समिति के सभी सदस्यों ने इस पर सहमति व्यक्त की।
जलाशय की वर्तमान स्थिति और प्रबंधन के निर्देश
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (ईई) ने बैठक में जानकारी दी कि तवा जलाशय में जल संग्रहण की वर्तमान स्थिति 1949 एमसीएम है, जो कि उपलब्ध जल भराव मात्रा का 100 प्रतिशत है। जल की पर्याप्त उपलब्धता से सिंचाई आसानी से हो सकेगी।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों से पानी छोडऩे के लिए बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नहरों का मरम्मतीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को भी स्थानीय स्तर पर नहरों के सुचारू और पर्याप्त जल प्रवाह हेतु उपयुक्त प्रबंधन और सूक्ष्मता से निगरानी के लिए निर्देशित किया।
बैठक में मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे सहित यूनियन के अन्य सदस्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे और जिला जल उपयोगिता समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








