इटारसी। पुलिस थाने के समीप बने नगर पालिका(Nagarpalika) के व्यावसायिक काम्पलेक्स के भूतल में भरे पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिला है। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस थाने से महज 50 मीटर दूर मुख्य मार्ग पर नगर पालिका द्वारा बीस वर्ष पूर्व व्यवसायिक काम्पलेक्स का निर्माण कराया था। बिना सोचे समझे उक्त काम्पलेक्स के बेसमेंट में भी करीब दस दुकानें बना दी। बेसमेंट में रिस-रिसकर पानी भर जाता है। उक्त दुकानों को नगर पालिका ने नीलाम करने का प्रयास किया, लेकिन अव्यवस्था एवं विवादों के कारण वर्षों से खंडहर हालत में खड़ा है। मंगलवार की दोपहर दो बजे के करीब इस पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता नजर आया, जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सफाई कर्मियों की मदद से उक्त शव को निकलवा कर शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा होगा। समय रहते नगर पालिका प्रशासन सजग हो जाता तो शायद यह घटना नहीं होती। शव मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में पानी निकालने में जुट गया।
नपा काम्पलेक्स के भूतल में भरे पानी में मिला शव

For Feedback - info[@]narmadanchal.com







