इटारसी। ग्राम पंचायत पिपरिया कला के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमझिरा में ‘पीर बाबा’ के पास नदी पर पुल या स्टॉप डैम न होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर साल मॉनसून के दौरान नदी में बाढ़ आने से गांव का संपर्क टूट जाता है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। अनेकों बार इस नदी पर स्टॉप डैम या कमरपटा बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बाढ़ का पानी सड़क पर आने से ग्रामीणों को मजबूरन अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। जब नदी उफान पर होती है तो बच्चों को स्कूल से छुट्टी लेने को मजबूर होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार तो बच्चे और बुजुर्ग पानी के तेज बहाव में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देने और जल्द से जल्द पुल या स्टॉप डैम का निर्माण कराने की मांग की है। उनकी पीड़ा है कि हर साल उन्हें इसी परेशानी से जूझना पड़ता है, जबकि यह एक मूलभूत आवश्यकता है।
19 वर्ष का इंतजार
इस पुल के बनने का ग्रामीण पिछले 19 वर्ष से इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2006 में तत्कालीन मंत्री कुसुम मेहदेले ने यहां नदी पर पुल बनाने के कार्य का भूमिपूजन भी किया था। इसके बाद से आज तक ग्रामीण यहां पुल बनने का इंतजार कर रहे हैं और स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।









