इटारसी। भोपाल-नागपुर हाईवे पर ग्राम पथरौटा में स्थित शराब दुकान ग्रामीणों के लिए गले की हड्डी बन गई है। पिछले कई माह से इस दुकान के स्थान परिवर्तन की मांग की जा रही है, लेकिन जिला आबकारी विभाग की चुप्पी ने ग्रामीणों के आक्रोश को चरम पर पहुंचा दिया है। अब ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दुकान नहीं हटाई, तो क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
सांसद और विधायक भी दुकान हटाने के पक्ष में
ग्रामीणों की निरंतर शिकायतों और जनहित को देखते हुए नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने जिला आबकारी अधिकारी को लिखित पत्र भेजा है। इन पत्रों में स्पष्ट रूप से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके, विभाग द्वारा अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सड़क पर हुड़दंग और महिलाओं से अभद्रता
ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान बिल्कुल मुख्य सड़क से सटकर स्थित है, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर सड़क पर उत्पात मचाना यहां आम बात हो गई है। समीप ही मंदिर होने के कारण महिलाओं और श्रद्धालुओं का यहां से निकलना दूभर हो गया है। महिलाओं ने शिकायत की है कि यहां से गुजरते समय उन्हें अक्सर अभद्रता का सामना करना पड़ता है।
नियमों की अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों का तर्क है कि धार्मिक स्थल और सार्वजनिक मार्ग के इतने समीप शराब दुकान का होना नियमों के विरुद्ध है। पूर्व में भी इस मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन और आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन हर बार विभाग द्वारा केवल आश्वासन ही दिया गया।
चेतावनी : इस बार आर-पार की लड़ाई
ग्रामवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अब उनके धैर्य का बांध टूट रहा है। यदि आबकारी विभाग ने सांसद-विधायक के पत्रों का संज्ञान लेकर दुकान को तत्काल नहीं हटाया, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर जबरदस्त आंदोलन करेंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।








