इटारसी। अयोध्या में श्री राम मंदिर स्थापना की वर्षगांठ के पावन अवसर पर आज इटारसी की सड़कें भक्ति के रंग में सराबोर नजर आईं। ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 5 बजे से ही बड़ी संख्या में राम भक्त सड़कों पर उतर आए। श्री दादा दरबार धाम प्राचीन हनुमान मंदिर भगत सिंह नगर, नाला मोहल्ला से एक विराट प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
भजन-कीर्तन और डीजे की धुन पर थिरके भक्त
प्रभात फेरी का शुभारंभ ढोल-मजीरों और डीजे की सुमधुर धार्मिक धुनों के साथ हुआ। सैकड़ों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर प्रभु श्री राम के जयकारे लगाए। यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री द्वारकाधीश मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया और प्रभु श्री राम की पूजा-अर्चना की।
सांसद चौधरी ने भी मिलाया सुर में सुर
इस आयोजन की खास बात यह रही कि सांसद दर्शन सिंह चौधरी भी अपनी टीम के साथ प्रभात फेरी में शामिल हुए। उन्होंने न केवल भक्तों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि स्वयं भी भजनों का आनंद लिया और गायन किया। इस दौरान वार्ड पार्षद कुंदन गौर ने वार्ड वासियों की ओर से सांसद का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।
सेवादारों का सम्मान और महाआरती
प्रभात फेरी वापस दादा दरबार धाम पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर उन समर्पित सदस्यों का शाल-श्रीफल देकर सम्मान किया, जो विगत दो वर्षों से प्रतिदिन बिना रुके राम फेरी निकाल रहे हैं। सम्मानित होने वालों में महेंद्र दुर्गादास, मुन्ना दादा पाल, गरीबदास चौरे, इंदर सिंह मेहरा, राजेश राठोर, रामसरुप मालवीय और गिरीश पटेल शामिल रहे। समापन पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ, महाआरती और विशाल प्रसाद वितरण किया गया। गौरतलब है कि दादा दरबार धाम प्रभात फेरी मंडल द्वारा पिछले 2 वर्षों से निरंतर प्रतिदिन प्रात: काल राम फेरी निकालकर धर्म जागृति का कार्य किया जा रहा है।










