इटारसी। नर्मदापुरम के थाना पथरोटा क्षेत्र में खेलते-खेलते घर का रास्ता भटके एक 07 वर्षीय बालक को डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उसके परिजन से मिला दिया।
यह घटना 24 सितंबर 2025 को शाम 06 बजे सामने आई, जब राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल, को सूचना मिली कि न्यास कॉलोनी एलआईसी ऑफिस के पास एक 7 वर्षीय बालक भटक गया है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही, पथरोटा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत मौके पर भेजा गया। डायल-112 स्टाफ के प्रधान आरक्षक रणधीर सिंह और पायलेट नीलेश पठारिया ने बालक को अपने संरक्षण में लिया। बालक से जानकारी लेने पर वह अपने घर का पता नहीं बता पा रहा था।
डायल-112 स्टाफ ने बालक को एफआरव्ही वाहन में बैठाकर आसपास के क्षेत्र में परिजन की तलाश और पूछताछ शुरू की। उनकी लगातार कोशिशों से बालक के परिजन की जानकारी प्राप्त हुई।
जवान बालक को लेकर उनके घर पहुंचे, जहां पहचान व सत्यापन के बाद बालक को सकुशल उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक खेलते-खेलते अपने घर का रास्ता भटक गया था। डायल-112 जवानों की इस तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।









