इटारसी। ग्राम पंचायत मेहरागांव के शांति नगर में डी.पी. दुबे स्कूल के पास बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा लगाए कुछ बिजली के पोलों को लेकर नाराजी है। पोलों को बेहद असुरक्षित तरीके से लगाया था।
यह मामला तब सामने आया जब संजय सोलंकी ने इस समस्या से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो को देखकर, पंच शेख फारूक ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने अपने साथी मुन्ना पाल और भवानी दुबे के साथ मिलकर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर से संपर्क किया और फोन पर पूरी जानकारी दी। पंच शेख फारूक ने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह वार्डवासियों के साथ धरने पर बैठेंगे।
इस सूचना पर, जेई तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां वार्ड निवासी श्रीमती रीना डोंगरे डोईफोडे और प्रशांत चौबे ने उन्हें बताया कि ये पोल एक स्कूल के पास लगाए हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने पोल लगाने के तरीके पर भी शिकायत की। जेई ने तुरंत ठेकेदार को फोन लगाया और निर्देश दिये कि वह जल्द से जल्द इन पोलों को सही और सुरक्षित तरीके से लगाए ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।









