इटारसी। दीपावली के महापर्व को देखते हुए इटारसी में प्रशासनिक व्यवस्था के तहत निर्धारित स्थानों पर त्योहार से संबंधित दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। नगर पालिका और प्रशासन ने इस वर्ष भी सुव्यवस्थित बाजार लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। गांधी स्टेडियम में आज से पूजन सामग्री की दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं, जिससे शहर में अब दीपावली की चहल-पहल साफ दिखने लगी है।

पूजन सामग्री एवं सामान्य बाजार गांधी स्टेडियम मैदान में लगना शुरू हो गया है। यहां मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं, दीये, झाड़ू, लाई, बताशे और अन्य आवश्यक पूजन सामग्री की दुकानें लगेंगी। पटाखों की दुकानें लाल मैदान (बैंक कॉलोनी के पास) दीपावली पर्व से 3-4 दिन पहले से लगती हैं। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए, पटाखों की बिक्री के लिए यह स्थान तय किया गया है।
फूल-माला, तोरण द्वार, सजावटी सामान की दुकानें फ्रेन्ड्स स्कूल मैदान में दीपावली के 1 दिन पहले लगेंगी। इस स्थान पर फूल-मालाएं, केले के पेड़, और घर को सजाने की अन्य सजावटी सामग्री की दुकानें लगाई जाएंगी।
प्रशासनिक व्यवस्था
प्रशासन ने तीनों बाजारों में सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इनमें साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, और भीड़ प्रबंधन के लिए अस्थायी बैरिकेडिंग शामिल है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही खरीदारी करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि त्यौहार शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से मनाया जा सके।








