सिवनी मालवा। जगत के पालनहार भगवान विष्णु ने चातुर्मास में परिवर्तनी एकादशी को करवट ली है। भगवान डोल में बैठकर गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण पर निकले। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर उनके दर्शन किए।
लगातार बारिश के बावजूद भी भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं थी। वे बड़ी धूमधाम से डोल यात्रा में शामिल हुए। बड़े मंदिर, छत्री मंदिर, जगदीश मंदिर, खत्री समाज, कुशवाहा समाज और अन्य मंदिरों से डोल निकाले गए।
बड़े मंदिर और वाल्मीकि समाज के डोल में युवाओं ने अखाड़े में अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसकी लोगों ने खूब प्रशंसा की। वहीं, आदिवासी युवाओं और बच्चों ने नृत्य द्वारा देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। गांधी चौक पर विश्व हिंदू परिषद ने प्रसाद वितरित किया।









