इटारसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हिंदू समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ 20 जनवरी को बालाजी बस्ती में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को वार्ड 23 में मोहल्ला समिति द्वारा सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
घर-घर जाकर दिया आमंत्रण
समिति के सदस्यों ने वार्ड के प्रत्येक घर में दस्तक देकर नागरिकों को सपरिवार सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान भारत माता के चित्र वाला कैलेंडर और आमंत्रण पत्र भेंट कर सनातन धर्म के उत्थान और एकता की अपील की गई। वार्ड वासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी।
नवग्रह दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजन
यह सम्मेलन 20 जनवरी मंगलवार को बालाजी बस्ती के नवग्रह दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 22, 23, 27 एवं 28 के नागरिक मुख्य रूप से सहभागिता करेंगे। अभियान का उद्देश्य जाति-पांति के भेदभाव को मिटाकर समाज को संगठित करना है।
जनसंपर्क अभियान में समिति संरक्षक व पार्षद राकेश जाधव, संयोजक राजकुमार दुबे, कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, सुनील दुबे, विजय दुबे, लीलाधर यादव, विजय राव नाईक, बृजमोहन सिंह मीना, हैप्पी शर्मा, शैंकी चुटीले, नीलेश पटैरिया, आयुष अग्रवाल और प्रतीक मालवीय सहित कई सदस्य शामिल रहे।









