इटारसी। राधे राग साहित्य संस्थान और आरआर पब्लिकेशन, जयपुर (राजस्थान) द्वारा आयोजित काव्य लेखन प्रतियोगिता में इटारसी के डॉ. नीरज चौधरी ‘नीर’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्हें 11,000 रुपये की नकद राशि और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह प्रतियोगिता जन्माष्टमी से 31 सितंबर तक चली थी, जिसमें देशभर के 68 साहित्यकारों ने हिस्सा लिया था। शिक्षक दिवस (5 सितंबर 2025) के अवसर पर इसके परिणाम घोषित किए गए। डॉ. नीरज चौधरी की रचना ‘निर्मल नीर’ ने निर्णायक मंडल और सभी सदस्यों का मन मोह लिया।
निर्णायक मंडल ने उनकी रचना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी कविता में प्रेम और आत्मीयता का मार्मिक चित्रण है। इसमें प्रिय के प्रति समर्पण और जीवन की सुंदर उपमाओं का प्रभावी प्रयोग किया गया है। कविता में नायिका के दर्द और नायक की उपस्थिति से मिलने वाले सहारे का भाव प्रमुखता से सामने आता है।
इस अवसर पर केशव कल्चर की संस्थापिका दीप्ति शुक्ला ने डॉ. नीरज चौधरी को विशेष सम्मान और शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में डॉ. महेश बारेठ, जगत जननी, डॉ. प्रीति द्विवेदी, कवि अमर देव और विजय मीणा शामिल थे।








