नर्मदापुरम। यहां पीलीखंती में रविवार की शाम हुई मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के खिलाफ महिला की दूसरी बेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। जिनकी हत्या हुई वे और जो आरोपी है, उनका मकान का विवाद बताया जा रहा है, जबकि दोनों पक्षों पर पुलिस रिकार्ड में पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।
दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने महिला की दूसरी बेटी लियासी मौर्य पिता नन्हेलाल मौर्य 18 वर्ष की शिकायत पर पीलीखंती विासी जीतू जरिया पिता रतनलाल जरिया 35 वर्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ने धारदार हथियार से पूजा पति नन्हेलाल मौर्य 45 वर्ष एवं उसकी बेटी पल्लवी पिता नन्हेलाल मौर्य 20 वर्ष की हत्या कर दी थी। मकान का चल रहा था विवाद बताया जाता है कि पूजा मौर्य अपने परिवार के साथ जितेंद्र जरिया के मकान में बेटी पल्लवी, लियांशी, महिमा, बेटा व भाई देवराज के साथ रहती थी। घटना के समय पूजा, उसकी बेटी पल्लवी, लियांशी और देवराज घर पर थे। बताया जा रहा है कि मकान को लेकर इनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूजा जिस मकान में रहती है। उसी के बगल में जितेंद्र जरिया भी रहता है। लोगों का कहना है कि मकान और प्लाट को लेकर महिला और जितेंद्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्लाट जितेंद्र का था और मकान बनाने में महिला के भी रुपए लगे थे। मकान खाली कराने को लेकर विवाद होता था।