- जीआरपी इटारसी ने किया पगढाल में रेल पटरी पर मिले शव के मामला का खुलासा
इटारसी। जीआरपी ने 16 जून को पगढाल रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर हुई मौत की गुत्थी सुलझा ली है। महिला की हत्या की गई थी, और इसमें आरोपी स्वयं महिला का पति है। उसने दहेज की मांग और चरित्र पर संदेह के कारण महिला की हत्या की थी। महिला और उसका पति मूलत: दोनों बिहार के रहने वाले थे, जो सूरत गुजरात में रह रहे थे।
जीआरपी इटारसी ने आज मामले का खुलासा किया। जीआरपी ने बताया कि डिप्टी एसएस हरदा से मेमो मिलने के बाद एक टीम ने महिला स्टाफ के साथ घटना स्थल का मुआयना किया। शव देखकर मृत्यु संदेहास्पद प्रतीत होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच को आगे बढ़ाया। थाना इंचार्ज प्रभारी उपनिरीक्षक आरएस बकोरिया, उपनिरीक्षक श्रीलाल पडरिया एवं डीएसपी रेल महेन्द्र सिंह कुल्हारा ने भी मौके पर निरीक्षण किया। महिला की उम्र 22 वर्ष थी। परिजनों की तलाश सभी माध्यम से की और अलग-अलग टीमें सूरत, भुसावल एवं बिहार भेजी। जांच के दौरान बिहार की टीम को सफलता मिली। महिला का नाम रागिनी कुमार पुत्री सुलेखादेवी, मोहनपुर वार्ड 12, सलिग्रामी जिला बेगूसराय के रूप में उसकी पहचान हुई।
परिजनों ने बताया कि रागनी तो अपने पति रूपेश यादव के साथ सूरत गई है। जांच में उसके पति द्वारा महिला की हत्या किया जाना पाये जाने पर अपराध पंजीबद्ध किया और रूपेश की तलाश में अलग-अलग टीमें भुसावल, उधना, सूरत भेजी जहां के सीसीटीवी फुटेज तलाशे तो संदेही रूपेश यादव बख्तियारपुर, जिला पटना बिहार में मिला। पूछताछ में बताया कि 15 जून को रागिनी को अपने ससुराल बिहार छोडऩे के दौरान सूरत से भुसावल आये। भुसावल मेें एक दिन रुकने के बाद 16 को 11 बजे भुसावल कटनी पैसेंजर से पगढाल उतर गया और स्टेशन के पास पटरी किनारे झाडिय़ों के पास खेत में जाकर शराब पीया और रागिनी के साथ शारीरिक संबंध बनाये।
बातचीत में रागिनी से अपने मायके से मोटर सायकिल और नगद 25 हजार रुपए लाने तथा दो लड़कों से बातचीत एवं प्रेम प्रसंग चलने को लेकर विवाद किया। विवाद बढऩे पर आवेश में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए चलती मालगाड़ी के नीचे शव को डाल दिया। उसने रागिनी का आधार कार्ड एवं 4 फोटो लेडीज पर्स से निकालकर अपने पास रख लिया और वहां से भागकर पहले सूरत और फिर सूरत से बिहार चला गया। नवविवाहिता होने के कारण मामले की जांच डीएसपी इटारसी द्वारा की जा रही है।









