इटारसी। नर्मदापुरम जिले के इटारसी में डायल 112 टीम की सजगता से एक युवती जो मानसिक रूप से कमजोर है, को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। युवती घर से बिना बताए निकल गई थी और रात के अंधेरे में स्टेशन के पास अकेली खड़ी थी।
क्या था मामला?
14 जनवरी की सुबह करीब 5:31 बजे, डायल 112 को सूचना मिली कि नीलम तिराहा पेट्रोल पंप के पास एक लड़की रात 3-4 बजे से खड़ी है और अपना सही पता नहीं बता पा रही है। इस जानकारी के बाद एफआरव्ही 09 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।मौके पर तैनात प्रधान आरक्षक 81 रणधीर सिंह और पायलट प्रशांत पाल ने बालिका से सहानुभूति पूर्वक पूछताछ की। बालिका की पहचान कली पवार, निवासी ग्राम चंदुरा खुर्द, मुलताई, जिला बैतूल के रूप में हुई। आधार कार्ड के अनुसार बालिका की जन्मतिथि 01/01/2004 है।
परिजनों से संपर्क और सुपुर्दगी
पुलिस ने बालिका द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर उसकी मां से संपर्क किया। मां ने बताया कि कली मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है और 13 जनवरी को बिना बताए भोपाल जाने के लिए घर से निकली थी। सूचना पाकर बालिका की मौसी शिवानी पवार, जो भोपाल अशोका गार्डन में रहती हैं, तुरंत इटारसी थाना पहुंचीं। पुलिस ने उचित तस्दीक के बाद बालिका को सुरक्षित उसकी मौसी के सुपुर्द कर दिया। बालिका ने अपने साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से इनकार किया है।









