सिवनी मालवा। सिवनी मालवा और बानापुरा नगर में प्रमुख हिंदू त्योहारों के ठीक बीच में सभी एटीएम के शटर गिर जाने से आम जनता में भारी हताशा और निराशा का माहौल है। बाजार नकदी संकट की चपेट में आ गया है, जिससे लोगों को छोटी-छोटी चीजें खरीदने में भी मुश्किल हो रही है।
नगर में लगभग एक दर्जन एटीएम होने के बावजूद, त्योहार की छुट्टियों को मात्र दो दिन हुए हैं और सभी एटीएम का एक साथ खाली हो जाना या बंद हो जाना बैंक प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। आम जनता का मानना है कि इतनी जल्दी एटीएम का खाली होना संभव नहीं है, बल्कि बैंकों ने त्योहार के लिए पर्याप्त तैयारी करने के बजाय, जानबूझकर सहयोग नहीं किया और एटीएम को बंद रखा।
बाजार में छोटी खरीदारी भी मुश्किल
नकदी की कमी के चलते आम जनता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। लोग अपने घरों के लिए दीये, फूल मालाएं और पूजा सामग्री जैसी छोटी-छोटी आवश्यक वस्तुएं भी नहीं खरीद पा रहे हैं। आम पब्लिक के पास रुपया नहीं है। इस स्थिति ने त्योहारी माहौल को फीका कर दिया है। फूल-माला और दीये बेचने वाले छोटे विक्रेता, जो पूरे साल इस समय का इंतजार करते हैं, ग्राहकों की कमी के कारण हताश हैं, क्योंकि लोगों के पास नकद राशि नहीं है।

रिजर्व बैंक से शिकायत की मांग
स्थानीय नागरिकों ने इस गंभीर लापरवाही के लिए बैंक प्रबंधन की कड़ी आलोचना की है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति बताती है कि बैंकों ने त्योहार के समय जनता को सहयोग देने की बजाय, उनकी परेशानी बढ़ाई है। नागरिकों ने मांग की है कि इस मामले की शिकायत रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से की जानी चाहिए। बैंक प्रबंधन को तत्काल इस ओर ध्यान देना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि त्योहार के दौरान एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध हो, ताकि आम जनता की परेशानी दूर हो सके।









