सिवनी मालवा। शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा में 77 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और राष्ट्रप्रेम का अनूठा प्रदर्शन किया।
अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने की। समारोह के मुख्य अतिथि रघुवीर सिंह राजपूत रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि श्रीमती नीरू विनीत राठी और रामशंकर दुबे उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, समूह एवं एकल नृत्य, कविता पाठ और लघु नाटिकाओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, संविधान की महत्ता और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित किया गया।
प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि रघुवीर सिंह राजपूत ने युवाओं की जागरूकता को देश की प्रगति का आधार बताया और छात्राओं को नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्रीमती नीरू राठी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित और संस्कारित बेटियां ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव होती हैं। विनीत राठी एवं रामशंकर दुबे ने भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए अनुशासन और सांस्कृतिक एकता को अनिवार्य बताया। दोनों ने सुमधुर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे संपूर्ण परिसर राष्ट्रभक्ति के स्वर से गुंजायमान हो उठा। संचालन डॉ. गजेंद्र वाईकर ने किया।
सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफियां एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मनोज कुमार प्रजापति ने आभार व्यक्त किया। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।










