इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित महावीर जैन स्कूल के पास बीती रात एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद, आज सुबह 10:30 बजे परिजनों ने इटारसी थाने के सामने मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया और घटना के पीछे दोषियों के खिलाफ जांच करके कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक का ढाई एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों का दावा है कि इन्हीं धमकियों से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाया।
सुसाइड नोट सौंपा, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने बताया कि मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसे उन्होंने एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में जमीन विवाद से जुड़े सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिला आश्वासन

पुलिस थाने बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन और सामाजिक लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिए अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि संपूर्ण मामले की जांच की जाएगी और इसके पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।









