इटारसी। बिजली कंपनी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के तीन गाँवों की बिजली आपूर्ति काट दिए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को इटारसी-धर्मकुण्डी मार्ग पर स्थित तीखड़ गाँव के पास चक्का जाम कर दिया। ग्राम तीखड़, जमानी और मलोथर के ग्रामीणों द्वारा किए गए इस प्रदर्शन के कारण दोनों तरफ का यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
अचानक कटौती से घरों और व्यापार पर असर
ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली कंपनी ने बिना कोई नोटिस दिए सीधे डीपी से बिजली काट दी, जिससे उनके घरों के सभी बिजली उपकरण बंद हो गए। तीखड़ गांव के सरपंच उमेश मरकाम ने बताया कि बिजली कंपनी ने बिना कोई सूचना या नोटिस दिए पूरे गाँव की लाइट काट दी है, जिसके चलते सभी लोग एकत्र होकर सडक़ पर चक्का जाम करने के लिए मजबूर हुए।
बिजली कटने से न केवल घरेलू जीवन प्रभावित हुआ, बल्कि गांवों में संचालित स्कूलों, बैंकों और पेट्रोल पंप पर भी कामकाज बाधित हुआ। जमानी में पेट्रोल पंप संचालित करने वाले हेमंत दुबे ने बताया कि उनका बिल जमा होने के बावजूद बिजली कट गई, जिससे उन्हें पंप का संचालन बंद करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने कंपनी के अधिकारी से संपर्क किया, तो अधिकारी ने उल्टा यह कह दिया कि पेट्रोल पंप बंद होने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
10 गुना बढ़े हुए बिलों से परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से बिजली के बिलों में 10 गुना तक की बढ़ोतरी की गई है। जहां पहले बिल ?200 से ?400 के बीच आते थे, वहीं अब बढ़े हुए बिलों के चलते ग्रामीण उन्हें जमा नहीं कर पा रहे हैं।
अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खुला
चक्का जाम की सूचना मिलते ही जेई पंचलाल सरेआम और पथरोटा थाना प्रभारी पवार पथरोटा मौके पर पहुँचे। पथरोटा थाना प्रभारी ने बताया कि यह जाम लगभग 20-25 मिनट तक चला। बिजली अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बढ़े हुए तकनीकी रूप से गड़बड़ बिलों को सुधारा जाएगा और ग्रामीणों द्वारा 8-10 दिन में बिल जमा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद बिजली कनेक्शन जोड़ दिया गया।
इनका कहना है
आज 33 केवी लाइन पर मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था, इसलिए बिजली बंद थी। साथ ही, कुछ गांवों में उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किए थे, जिसके कारण उनके कनेक्शन काटे थे। कनेक्शन काटने से पहले घोषणा भी करायी था। मौके पर ग्रामीणों से बात करने के बाद, उन्होंने 8-10 दिन में बिजली बिल जमा करने का आश्वासन दिया है। हमने कनेक्शन जोड़ दिया। कुछ उपभोक्ताओं के बिल तकनीकी गड़बड़ी से अधिक आ गए हैं। ऐसे सभी बिलों में सुधार किया जाएगा।
पंचलाल सरेआम, जेई बिजली कंपनी









