नर्मदापुरम। पुलिस लाइन परिसर, नर्मदापुरम में आज 21 अक्टूबर, 2025 को ‘पुलिस शहीद स्मृति दिवस’ के अवसर पर एक भव्य और भावपूर्ण परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर वर्ष 2024-2025 की एक वर्ष की अवधि के दौरान देश के विभिन्न स्थानों पर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए शहीद हुए कुल 191 पुलिस कर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ के दौरान पुलिस बल ने अमर शहीदों को सलामी दी और शोक शस्त्र की कार्यवाही की गई, जो वीर बलिदानियों के सम्मान में समर्पण का प्रतीक है।
शहीदों के नाम का वाचन
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम, साई कृष्णा (भापुसे), ने इस अवसर पर शहीद हुए कुल 191 पुलिस कर्मियों के नामों का वाचन किया। उन्होंने बताया कि इन जांबाज पुलिस कर्मियों ने देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया है। उनका यह बलिदान सदैव राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें कमिश्नर नर्मदापुरम कृष्ण गोपाल तिवारी, पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम मिथलेश कुमार शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम प्रशांत खरे, कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन, और डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल थे।
सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिले के अन्य थानों के थाना प्रभारियों व पुलिस कर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर अमर शहीदों को नमन किया और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने शहीदों के साहस और बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। यह आयोजन देश की आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने में पुलिस बल के समर्पण और बलिदान को याद करने का एक महत्वपूर्ण दिवस है।








