इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय इटारसी में राष्ट्रीय कैडेट्स कोर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर सेवानिवृत अपर वन मंडल अधिकारी रामकिशोर चौरे ने अपने 41 वर्षों का अनुभव विद्यार्थियों से साझा किया। प्राचार्य डॉ राकेश मेहता, पर्यावरणविद् रामकिशोर चौरे, गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ रश्मि तिवारी मंचासीन रहे। प्राचार्य ने आमंत्रित वक्ता को तुलसी का पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए वृक्षों से होने वाले 21 से अधिक लाभों पर चर्चा की जिसमें उन्होंने वृक्षों से प्राप्त फल, जड़ीबूटी, ईंधन और फर्नीचर के लिए लकडिय़ां, रंग, गोंद, शहद, रबर, चंदन, प्राण वायु ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करना। मिट्टी के कटाव को रोकना, तापमान को नियंत्रित करना, प्रदूषण नियंत्रण, छाया प्रदान करते हैंं, वर्षा में सहायक होते हैं। आय का स्रोत, प्राकृतिक सौंदर्य आदि लाभ अपने व्याख्यान में गिनाए।
उन्होंने पलाश पेड़ से निकलने वाली गोंद (कमरकश), घोस ट्री (कुल्लू), कपोक, सेमल (रूई) आदि पेड़ों की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। उन्होंने मध्य प्रदेश के बोरी, चूरना, मड़ई, पचमढ़ी वन प्राणी अभ्यारण एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े की थैली का उपयोग एवं कमरे से निकलने से पहले लाइट पंखे आदि बंद करने का संदेश विद्यार्थियों को दिया। प्राचार्य डॉ राकेश मेहता ने कहा प्रतिवर्ष 5 जून को वैश्विक स्तर पर पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।
पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के लिए 1973 से संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के नेतृत्व में पर्यावरण जागरूकता के लिए सबसे बड़ा वैश्विक अभियान है, जो पर्यावरण की सबसे गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए 150 से अधिक देश इसमें शामिल है। प्राचार्य ने जन्मदिन, पुण्यतिथि, सालगिरह आदि विशेष समय पर पौधे लगाने का संदेश दिया । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आह्नान पर एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करते हुए तुलसी, जामुन, मोरछली, रीठा आदि के पौधे रोपित किए गए।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा पर्यावरण जागरूकता पर आधारित पोस्टर निर्माण कर प्रदर्शनी लगाई। संचालन डॉ. मनीष कुमार चौरे ने किया।
वरिष्ठ नागरिक संघ ने किया पौध रोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के दिन वरिष्ठ नागरिक संघ पुरानी इटारसी के सदस्यों ने चयन कॉलोनी गार्डन में ऑपरेशन सिंदूर की याद को चिरस्थाई बनाने सिंदूर के पौधे सहित आंवला, पीपल, नीम, अनार के पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर संघ संरक्षक डॉ अनिरुद्ध कुमार शुक्ला, एपी चौधरी, आरसी वर्मा, अध्यक्ष अशोक दुबे, सचिव जीडी पाटिल के अलावा एसपी गुप्ता, चौहान रामपुर, मुरली मनोहर दीक्षित, दिनेश दुबे, अशोक मालवीय, शिव शंकर चौधरी, संतोष दीवान, संतोष विश्वकर्मा, ओपी सिलोरिया, संजय द्विवेदी, आरएल मौर्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
समर्थ परियोजना द्वारा पौधरोपण

ग्राम डांडीवाडा में मध्य प्रदेश समाज सेवा संस्था की समर्थ परियोजना के द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम किया गया। इस दौरान ग्राम के लोगों ने पौधरोपण करके पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीएचओ खुशबू राठौर, आशा ममता खंडेलवार, सुपरवाइजर जयवंती खंडेलवार, ब्लॉक लीड तरुण कुमार उपस्थित रहे।