- हर वर्ष रक्षाबंधन के बाद निकाला जाता है भुजलिया का जुलूस
इटारसी। देश, प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए आज किन्नरों ने परंपरागत भुजलिया जुलूस निकाला। हर वर्ष किन्नरों का यह जुलूस पंचमी को निकाला जाता है और राधारानी से प्रार्थनी की जाती है कि शहर, देश, प्रदेश और नगर में सुख शांति और समृद्धि एवं सब पर कृपा बरसाए रखें।
हर साल की तरह इस वर्ष भी गांधी स्टेडियम के पास से भगवानदास गांधी के निवास से भुजलिया लेकर किन्नरों ने जुलूस निकाला। आज दोपहर दो बजे जुलूस शहर की सडक़ों से डीजे और डोल की धुन पर निकली तो शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई। जुलूस में किन्नरों ने डांस करके अपनी अदाओं का जलवा बिखेरा।
जुलूस के मौके पर नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर से आए किन्नरों ने अपनी मनमोहक अदाओं से सडक़ पर डांस किया। जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया था। सबसे पहले गांधी परिवार में होशंगाबाद से आई किन्नरों की गुरू ने पूजा-अर्चना की। दोपहर में गांधी स्टेडियम के पास से जुलूस प्रारंभ हुआ जो सराफा बाजार, नीमवाड़े, जयस्तंभ चौक और बाजार होकर गांधी परिवार के यहां पहुंचकर समाप्त हुआ।









