- बैतूल प्राचार्य डॉ. भदोरिया ने मैकेनिकल विभाग की कार्यशैली को बताया ‘उत्कृष्ट’
इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय इटारसी में आज शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बैतूल के प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह भदोरिया और उनकी सहयोगी टीम द्वारा शैक्षणिक निरीक्षण एवं विजिट का आयोजन किया गया। टीम ने संस्था की शैक्षणिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना का गहन अवलोकन किया।
मैकेनिकल विभाग की सुविधाओं की सराहना
निरीक्षण टीम ने संस्था के मुख्य भवन के साथ-साथ मैकेनिकल लैबोरेट्री और कार्यशाला का विशेष निरीक्षण किया। टीम ने यहाँ के प्लांट लेआउट को सुव्यवस्थित, विशाल, सुरक्षित बताया। विशेष रूप से, प्रयोगशाला और कार्यशाला में पर्याप्त वेंटिलेशन एवं प्रकाश की उपलब्धता की सराहना की गई। डॉ. भदोरिया ने यह भी सुनिश्चित किया कि संस्था में स्थापित समस्त मशीनें एवं उपकरण प्रयोग के लिए ऑपरेटिंग स्थिति में हैं।
निरीक्षण के बाद, टीम ने मैकेनिकल विभाग एवं कार्यशाला के सदस्यों के कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उनकी कार्यशैली को ‘उत्कृष्ट’ बताया। जिन कर्मचारियों की सराहना हुई उनमें प्रिंसिपल आरके चोलकर, विभागाध्यक्ष एवं कार्यशाल अधीक्षक, विकास सिद्धू, व्याख्याता अंकित मिश्रा, प्रवेश चौरे, आशीष चौरे, योगेश बरखने, सहयोगी स्टाफ संतोष, सुशील बोरासी, गजानन चौरे की सराहना हुई।
मेंटेनेंस कार्यों पर दिए आवश्यक सुझाव
सकारात्मक अवलोकन के बावजूद, डॉ. भदोरिया ने संस्थान के मुख्य भवन में सिविल मेंटेनेंस एवं विद्युत मेंटेनेंस से संबंधित कुछ आवश्यक कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए सुझाव भी दिए, ताकि छात्रों को और भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।









