इटारसी। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ द्वारा संगठन के विस्तार की कड़ी में इटारसी तहसील कार्यकारिणी का गठन किया गया है। पुरानी इटारसी ओवरब्रिज स्थित अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला महासचिव पुनीत गोहर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें संगठन के प्रति दायित्वों की शपथ दिलाई।
किसे क्या मिली जिम्मेदारी?
नवनियुक्त कार्यकारिणी में कैलाश चावरे, विमलेश बहोत, दीपक चौरे, और सौरभ राठौर को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विजय कंडारे को महामंत्री, शुभम कैथवास, सौरभ राठौर, और सचिन बासु को उपाध्यक्ष, प्रदीप बरसे को सहसचिव तथा यतीश बस्तवार को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण
अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश महामंत्री दिलीप मैना ने कार्यकारिणी के गठन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस टीम का मुख्य कार्य नगर पालिका सहित अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनका निराकरण कराना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के संभागीय मीडिया प्रभारी महेश धूरिया, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज बामने सहित संघ के कई सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।









