सिवनी मालवा। खाद वितरण में हो रही अव्यवस्था से किसान परेशान हैं। रविवार रात से ही सिवनीमालवा मंडी परिसर में खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो सोमवार सुबह तक लंबी कतारों में बदल गई। अपनी बारी का इंतजार कर रहे किसानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनने पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
टीन शेड से लटककर किया विरोध
खाद की किल्लत से त्रस्त किसानों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। कई किसान मंडी परिसर के टीन शेड पर गमछा बांधकर लटक गए। उनका कहना था कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाया जाए, ताकि सभी किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिल सके।









