इटारसी। नर्मदापुरम जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनतलाई रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरने से एक महिला यात्री की मौत हो गई। यह घटना 30 अगस्त को शाम करीब 7 बजे की है।
रामपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रेलवे लाइन के खंभा नंबर 67/11 और 67/9 एन के बीच डाउन ट्रैक पर हुई है। बताया जा रहा है कि महिला चलती ट्रेन में शौचालय जाते समय अपना संतुलन खो बैठी, जिससे वह नीचे गिर गई और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान नीलम सिंह पटेल (54 वर्ष) के रूप में हुई है, जो धनचक्र यदुरामपुर, थाना दरियापुर की निवासी थीं। उनके पति रमेश सिंह पटेल (55 वर्ष) ने पुलिस को इस दुखद घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।









