इटारसी। जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख) द्वारा जारी दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, 15 सितंबर 2025 को सुबह 8 बजे तक जिले की औसत वर्षा 5.8 मिमी दर्ज की गई है। इस दौरान, सिवनीमालवा में सर्वाधिक 22.0 मिमी और पचमढ़ी में 11.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिले की कुल प्रगामी वर्षा बढ़कर 1277.1 मिमी हो गई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (1197.8 मिमी) से अधिक है।
बरगी बांध के गेट खुले
जबलपुर में बरगी जलाशय का जलस्तर 422.40 मीटर तक पहुंच गया है, जो अधिकतम जलस्तर 422.76 मीटर के बहुत करीब है। जिसके कारण बरगी बांध प्रबंधन ने पानी छोडऩे के लिए 5 गेट 1-1 मीटर तक खोल दिए हैं। बांध से कुल 1036 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसी प्रकार तवा जलाशय का जलस्तर अपने अधिकतम 1166.00 फीट पर पहुंच गया है, यानी बांध सौ फीसद भर गया है।
नदी/बांधों का जलस्तर
- सेठानी घाट (नर्मदा नदी): नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है और यह वर्तमान में 941.38 फीट पर है, जो इसके अलार्म स्तर 964.00 फीट से अभी भी नीचे है।
- बारना जलाशय : बारना जलाशय का जलस्तर भी अपने अधिकतम 348.55 मीटर के करीब पहुंच गया है और फिलहाल 348.52 मीटर पर है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने नदी और जलाशयों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।









