इटारसी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मिठाई, खोवा और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस दियवार और जितेंद्र सिंह राणा की टीम ने इटारसी क्षेत्र में सक्रिय मिठाई निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण किया। 4 खाद्य नमूनों को जांच के लिए भेजा गया निरीक्षण के दौरान टीम ने दो प्रमुख निर्माण इकाइयों से कुल चार खाद्य नमूनों को जांच के लिए एकत्र किया। राजस्थान स्वीट्स की निर्माण यूनिट से मिल्क केक और कुंदा के नमूने लिए गए। नोवेल्टी फूड सेलिब्रेशन से कलाकंद और काजू कतली के नमूने एकत्र किए। इन सभी संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने साफ किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता, शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इस बात पर जोर दिया है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की मिलावट या अशुद्ध खाद्य सामग्री से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस उद्देश्य से मावे, मिठाई और अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण, परिवहन और भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि जिले में शुद्धता बनी रहे। यह अभियान त्योहारी सीजन समाप्त होने तक जारी रहेगा।








