इटारसी। वन परिक्षेत्र से जुड़े वन सुरक्षा समितियों के चौकीदारों को पिछले तीन से चार माह से उनके मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले भुगतान न होने से चौकीदारों में निराशा है। यह मामला मुख्यत: आदिवासी बहुल केसला ब्लॉक से संबंधित है, जहां कई वन सुरक्षा समितियां सक्रिय हैं।
वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष विनोद वारिवा ने इस संबंध में चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि चौकीदार पूरी निष्ठा से वनों की सुरक्षा में लगे रहते हैं, लेकिन उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 3 से 4 महीने बीत जाने के बाद भी मेहनताना राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, जिससे गरीब परिवारों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। श्री वारिवा ने इस गंभीर समस्या को लेकर तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर), इटारसी अभिषेक शर्मा से संपर्क किया और उनसे जल्द से जल्द बकाया भुगतान जारी करने का निवेदन किया।
उन्होंने अधिकारी से आग्रह किया कि दीपावली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में चौकीदारों के परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनका भुगतान तुरंत किया जाए, ताकि वे त्यौहार मना सकें। केसला आदिवासी ब्लॉक में वन सुरक्षा के कार्य में कई समितियां जुड़ी हुई हैं। इन चौकीदारों की जिम्मेदारी वनों की अवैध कटाई और अतिक्रमण से रक्षा करना है, लेकिन समय पर वेतन न मिलने से उनके मनोबल पर विपरीत असर पड़ रहा है। समिति अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि रेंजर श्री शर्मा इस मामले को गंभीरता से लेंगे और जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करेंगे।








