इटारसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर, शहर की यूसीमास संस्था परिसर में मध्य प्रदेश अग्रवाल महिला महासभा की एक बैठक और शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 7 शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रलभ अग्रवाल को महासभा का नया अध्यक्ष चुना गया। मध्य प्रदेश अग्रवाल महिला महासभा, इटारसी इकाई की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया, जिसमें पूर्व अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने प्रलभ अग्रवाल को कार्यभार सौंपा। सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष के रूप में रितु राजेंद्र अग्रवाल और सचिव के रूप में रश्मि पंकज अग्रवाल का चयन किया गया। महासभा की सभी सदस्यों ने समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने की शपथ ली।
इस दौरान, शासकीय पुत्री शाला की श्रीमती ममता शुक्ला, श्रीमती रेखा तोमर, सिंधी शाला की प्राचार्य संगीता पटेल, शिक्षक अखिलेश दुबे, यूसी मास शिक्षिका प्रीति तोमर, प्रीति सेन और जागृति केवट को शॉल और श्रीफल भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
यह कार्यक्रम पूर्व जिला महामंत्री अर्चना अग्रवाल, वर्तमान जिला महामंत्री अंशु अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सुनीता राजेश अग्रवाल और अन्य सम्मानित सदस्यों प्रतिभा, नीतू, प्रीति, विनीता, उमा, रूबी और अंजना अग्रवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कविता अग्रवाल ने किया।









