इटारसी। पटना बिहार के निवासी पूर्व डीजीपी योगेश्वरनाथ श्रीवास्तव ने सेवा भारती संस्था को एक लाख रुपए की राशि का दान किया है। महेंद्र शुक्ला, पूर्व डीजीपी, छात्रावास के संरक्षक से प्रेरित होकर योगेश्वर नाथ श्रीवास्तव ने एक लाख रुपए की सहयोग राशि सेवा भारती के खाते में डालकर सेवा भारती के जिलाध्यक्ष सतीश अग्रवाल सांवरिया को सूचित किया।
ज्ञात रहे सेवा भारती मध्य भारत नर्मदापुरम द्वारा संचालित धुरपन गांव में स्थित छात्रावास की बेटियों के रहने, पढ़ाई एवं भरण पोषण के लिए यह सहयोग राशि दी गई है। सेवा भारती संस्था द्वारा बेटियों को छठवीं क्लास से 12 वीं क्लास तक पूरी सुविधा दी जाती है।
जिला अध्यक्ष सतीश अग्रवाल सांवरिया ने कहा कि यदि सहयोग करने का मन में ठान लिया जाए तो सहयोग राशि की सीमाएं मायने नहीं रखतीं। सेवा भारती संस्था मे प्राप्त सहयोग राशि से बेटियों की पूरी व्यवस्था देखी जाती है। उन्होंने समाजसेवियों से अनुरोध किया है कि इस संस्था में अपना सहयोग देकर बेटियों के भविष्य को संवारने में अपना योगदान प्रदान करें, यह बड़े ही पुण्य का कार्य है।